
खेतासराय(जौनपुर) । थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में सोमवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और गरज-चमक के बीच हुए वज्रपात ने एक परिवार की खुशियां छीन ली। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से स्नान कर रही 33 वर्षीय विवाहिता गंभीर रूप से झुलस गई।
परिजन उसे लेकर तत्काल निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।उक्त गांव निवासी नगीना (33) पत्नी रामब्रीज सोमवार शाम घर पर स्नान कर रही थीं। इसी दौरान आसमान में तेज गर्जना के साथ बिजली चमकी और वह उसकी चपेट में आ गईं।
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। महिला को गंभीर हालत में उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।अचानक हुए हादसे से परिजन स्तब्ध रह गए। कुछ ही देर पहले घर में सामान्य माहौल था, लेकिन विवाहिता की मौत की खबर पहुंचते ही वहां मातम पसर गया। परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया।
ग्रामीण भी घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर ढांढस बंधाते रहे।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है ।

















