
जौनपुर शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक दलित युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पांच लोगों पर जातिसूचक गालियां देने, लाठी-डंडों और नुकीले लोहे के पंच से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है।
बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, ग्राम कोपा, पोस्ट लतीफपुर निवासी करन पुत्र रतीपाल नवमी के दिन अपने घर के पास स्थित दुर्गा पंडाल में आरती में शामिल होने गया था।
इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर पांच लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि सभी ने जातिसूचक गालियां देते हुए लाठी-डंडों और नुकीले लोहे के पंच से हमला कर दिया।पीड़ित के मुताबिक, हमले में उसके सिर, पीठ, पेट, हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे आदर्श गौतम पुत्र जयप्रकाश को भी आरोपियों ने कथित तौर पर जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट कर घायल कर दिया।
करन ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की और कानूनी कार्रवाई करने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।पीड़ित ने शाहगंज कोतवाली पुलिस से दोनों घायलों की मेडिकल जांच कराने, मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले की गम्भीरता देखते कोतवाली पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

















