
संवाददाता दीपक शुक्ला

रामपुर, जौनपुर । नगर पंचायत रामपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में शनिवार को विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर-2026) के तहत उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं अजय कुमार उपाध्याय ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्यों की जानकारी ली और प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों के संबंध में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने बीएलओ से मतदाता पुनरीक्षण के लिए निर्धारित प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बताया कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम दर्ज कराने और त्रुटियों को दूर करने के लिए अभियान को गंभीरता से संचालित किया जाए। साथ ही, पात्र मतदाताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया के संबंध में सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे।
इसके बाद उपजिलाधिकारी ने कंपोजिट विद्यालय परिसर में चल रहे जनगणना-2027 के प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्था और संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण का उद्देश्य मतदाता पुनरीक्षण अभियान तथा जनगणना से जुड़े कार्यों को व्यवस्थित और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराना रहा।
इस अवसर पर नगर पंचायत रामपुर के अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह, वरिष्ठ लिपिक मनीष कुमार मिश्रा, लेखपाल विपिन यादव और लेखपाल रतन बहादुर यादव सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

















