
जौनपुर। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मछलीशहर पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने ताजुद्दीनपुर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से पांच देशी पिस्टल, सात अवैध तमंचे और दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिव प्रकाश मिश्रा, मनकामेश्वर मिश्रा और प्रियांशु शुक्ला, निवासी प्रयागराज के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ और पुलिस जांच में तीनों के अंतरजनपदीय अवैध असलहा तस्करी से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस का दावा है कि आरोपी प्रयागराज, जौनपुर और मिर्जापुर समेत आसपास के जिलों में अवैध हथियारों की सप्लाई कर आर्थिक लाभ कमाते थे। इस नेटवर्क के कथित मुख्य सरगना के रूप में मिर्जापुर निवासी सुनील दूबे का नाम सामने आया है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।मामले में मछलीशहर थाने में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है!
और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में मनकामेश्वर मिश्रा के खिलाफ मिर्जापुर के कछवा थाने में भी आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज है। अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी पुलिस द्वारा खंगाला जा रहा है।कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में मछलीशहर पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त टीम ने की। पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

















