
जौनपुर केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी निवासी 18 वर्षीय श्रेयांश विश्वकर्मा उर्फ कल्लू की गुरुवार की देर रात बीएचयू में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक ने पिता की डांट से नाराज होकर गुरुवार सुबह अपने शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी।बताया गया कि विजय बहादुर विश्वकर्मा के छह पुत्रों में सबसे छोटा श्रेयांश उर्फ कल्लू था। पिता की डांट से क्षुब्ध होकर वह घर से निकल गया।
इसके बाद संभल बाबा मंदिर के पास उसने पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना की जानकारी होने पर स्वजन व ग्रामीण उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बीएचयू रेफर कर दिया।
बीएचयू में उपचार के दौरान गुरुवार की रात करीब एक बजे उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को वाराणसी के हरिश्चंद्र घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया।
कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन स्वजन ने पोस्टमार्टम कराए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मामले में किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।

















