
खेतासराय(जौनपुर)। चौकिया गुरैनी गांव में गुरुवार शाम छत पर छप्पर लगाने की तैयारी कर रहे युवक के लिए लोहे का एंगल जानलेवा साबित हुआ। छत पर एंगल पहुंचाते समय वह पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार से छू गया। तेज करंट की चपेट में आने से युवक बुरी तरह झुलसकर गिर पड़ा।
परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।गांव निवासी अब्दुल कलाम (40) पुत्र मैनुद्दीन गुरुवार शाम अपने घर की छत पर छप्पर रखने के लिए लोहे का एंगल ले जा रहे थे।
बताया गया कि मकान की छत की बाउंड्री के समीप से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजर रही है। एंगल ऊपर ले जाते समय अचानक उसका एक सिरा हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। उस समय बिजली आपूर्ति चालू थी। तार से संपर्क होते ही अब्दुल कलाम करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन और आसपास के लोग तत्काल उन्हें लेकर नगर के एक निजी अस्पताल पहुंचे।
वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अब्दुल कलाम के परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री हैं।हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी और शव के अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। घटना को लेकर गांव में भी मातम का माहौल है। हादसे ने घरों के समीप से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों को लेकर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए है।

















