
संवाददाता नवनीत सिंह
सुल्तानपुर के कूरेभार क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बनमई गांव के पास सोमवार सुबह झाड़ियों में एक नवजात शिशु मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।बताया जा रहा है कि ग्रामीण कमलेश सिंह को झाड़ियों की तरफ से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर जब वे मौके पर पहुंचे तो झाड़ियों में कपड़े में लिपटा एक नवजात शिशु पड़ा मिला।ग्रामीण ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भटमई चौकी इंचार्ज संदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नवजात को अपने कब्जे में लेकर स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टरों ने बच्चे का उपचार किया।
हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने नवजात को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।वहीं, झाड़ियों में नवजात मिलने की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और बच्चे को झाड़ियों में छोड़ने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
हालांकि, नवजात को यहां कौन छोड़ गया और इसके पीछे क्या वजह थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।फिलहाल, ग्रामीण कमलेश सिंह की सतर्कता के चलते नवजात समय रहते पुलिस तक पहुंचा और उसे चिकित्सकीय उपचार मिल सका।कहते हैं— ‘जाको राखे साइयां, मार सके न कोय।’

















