
खेतासराय(जौनपुर)। सदर विधानसभा के अंतिम गांव भदैला में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में करीब पाँच सौ पौधे लगाए गए। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का बखान किया।
बतौर मुख्यातिथि बोलते हुए मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि पेड़-पौधे जीवन का आधार है और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। केवल पौधे लगा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें संरक्षित कर पेड़ बनने तक देखभाल करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण के अभियान को व्यापक बनाया जा सकता है।
प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ जनकल्याण को भी प्राथमिकता दे रही है। राज्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए सरकार की नीतियों और कार्यों का गिनाया तथा लोगों से योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार लाभ उठाने का आह्वान किया ।मंडल अध्यक्ष उपेंद्रनाथ मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पौधरोपण के साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लेकर ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में जिला मंत्री राजकेशर पाल, मनीष गुप्ता, राजू बिंद, उमेश सिंह, ग्राम प्रधान सुफियान अहमद, हरेन्द्र यादव, शांतिभूषण मिश्रा, ओमप्रकाश गुप्ता समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

















