
जौनपुर खेतासराय। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए रविवार शाम यातायात पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। खेतासराय, गुरैनी और दीदारगंज रेलवे क्रॉसिंग मार्ग के पास हुई जांच के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 40 वाहनों का चालान किया गया। वहीं, करीब 150 वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें चार चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले। उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
टीएसआई राजेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों को रोककर जांच की। इस दौरान हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने तथा प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहनों के जरूरी कागजात और फिटनेस संबंधी दस्तावेजों की भी पड़ताल की। अभियान के चलते वाहन चालकों में खलबली मची रही।यातायात उपनिरीक्षक राजेश सिंह ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करें। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

















