

जौनपुर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जौनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे सपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में सपा के झंडे और विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर नारेबाजी की।

इस दौरान ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाए गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के दो प्रतीकात्मक पुतलों का दहन भी किया।
पुतला दहन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

कुछ समय के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।धरने को संबोधित करते हुए सपा विधायक रागिनी सोनकर ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का अधिकार सर्वोपरि है।
उन्होंने मतदाता सूची में नाम हटाए जाने और वोट से जुड़े उठ रहे सवालों को लेकर चुनाव आयोग से स्पष्ट जवाब देने की मांग की।सपा नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची और मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी का विरोध जारी रहेगा और चुनाव आयोग से संबंधित सवालों के जवाब मांगे जाते रहेंगे।

















