
संवाददाता अरविंद कुमार यादव
केराकत, जौनपुर। मुफ्तीगंज विकासखंड क्षेत्र के बलईपुर (कटहरी सरहद) गांव में बिजली विभाग द्वारा बुद्धवार को चकमार्ग के बीच वर्षों से स्थापित ट्रांसफार्मर आखिरकार हटा दिया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर बिजली विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रांसफार्मर को चकमार्ग से हटाकर सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर स्थापित कर दिया। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।ग्रामीणों के अनुसार चकमार्ग के बीच करीब 40 वर्षों से ट्रांसफार्मर लगा होने के कारण आवागमन में भारी परेशानी होती थी।
रास्ता बाधित होने से लोगों को अपने घरों तक पहुंचने के लिए करीब तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। इसके साथ ही मार्ग के ऊपर झूल रहे हाईटेंशन तार भी ग्रामीणों के लिए खतरा बने हुए थे।बीते 10 सितंबर को खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर लौट रही शशिकला पत्नी उमेश हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई थीं।
हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए ट्रांसफार्मर हटाने की मांग उठाई।ग्रामीणों का कहना था कि चकमार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खेतों की ओर आवागमन करते हैं। ऐसे में बीच रास्ते में ट्रांसफार्मर और नीचे लटकते हाईटेंशन तार कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते थे।ग्रामीणों की समस्या को लेकर भूतपूर्व सैनिक कुनाल यादव ने अधिकारियों के समक्ष लगातार आवाज उठाई।
उन्होंने तहसील से लेकर जिला स्तर तक अधिकारियों से संपर्क कर चकमार्ग से ट्रांसफार्मर हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थापित कराने की मांग की। लगातार प्रयास के बाद जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए बिजली विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।डीएम के निर्देश के बाद बिजली विभाग ने चकमार्ग के बीच से ट्रांसफार्मर हटाकर उसे किनारे स्थापित कर दिया। ट्रांसफार्मर हटने के बाद रास्ते पर आवागमन सुगम हो गया है और ग्रामीणों को संभावित दुर्घटना से भी राहत मिली है।ग्रामीणों ने समस्या का समाधान कराने के लिए जिलाधिकारी और बिजली विभाग का आभार जताया। वहीं भूतपूर्व सैनिक कुनाल यादव ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा और जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी अधिकारियों के समक्ष मजबूती से आवाज उठाई जाती रहेगी।

















