
खेतासराय(जौनपुर)। मानीकलां स्थित डॉ. वकील नजीर इंटर कॉलेज में बुधवार को मिशन शक्ति 5.0 के तहत छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और आपात स्थिति में सहायता लेने के तरीकों की जानकारी देते हुए सजग रहने का संदेश दिया।
उपनिरीक्षक रविंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि किसी भी तरह की छेड़खानी, धमकी अथवा उत्पीड़न को नजरअंदाज न करें। घटना होने पर परिजनों और शिक्षकों के साथ पुलिस को तत्काल जानकारी दें। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने से पुलिस कार्रवाई में आसानी होती है।
छात्राओं को सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से दोस्ती करने, निजी जानकारी, पासवर्ड अथवा तस्वीरें साझा करने से बचने की सलाह दी गई।
मानीकलां चौकी प्रभारी शैलेंद्र कुमार राय ने कहा कि बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस लगातार विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम कर रही है। प्रबंधक डॉ. वकील नजीर अहमद ने कहा कि बेटियों को शिक्षित करने के साथ उन्हें अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है।कार्यक्रम में महिला सिपाही प्रियंका गुप्ता, रंजु, अभिमन्यु सिंह, शैलेश यादव, उप प्रबंधक मोहम्मद राफे, समीम अहमद, प्रधानाचार्य उमेश चंद्र सिंह समेत शिक्षक-कर्मचारी मौजूद रहे।

















