
जौनपुर। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन की मासिक बैठक गुरुवार को दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पेंशनर्स कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष सी.बी. सिंह ने की।अध्यक्ष सी.बी. सिंह ने बताया कि पेंशनर्स के मेडिकल प्रतिपूर्ति बिलों का भुगतान रुका हुआ है।
उन्होंने कहा कि शासन की ओर से 30 सितंबर तक ऑफलाइन तथा 1 अक्टूबर से ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से भुगतान की व्यवस्था निर्धारित की गई थी। इसके बावजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय द्वारा 25 सितंबर से ही 30 सितंबर तक के मेडिकल बिल लेना बंद कर दिया गया।
एसोसिएशन ने इसे शासन के आदेश के विपरीत बताते हुए नाराजगी जताई और समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मेडिकल बिलों के भुगतान और स्वीकार किए जाने की प्रक्रिया जल्द शुरू नहीं हुई तो संगठन अनशन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।
बैठक में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पूर्व अध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव ने आठवें वेतन आयोग में पेंशनर्स को भी शामिल करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।बैठक का संचालन जिला मंत्री कृपाशंकर उपाध्याय ने किया। इस दौरान एसोसिएशन के कई पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने विचार रखे और पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।

















