
संवाददाता अरविंद कुमार यादव
केराकत, जौनपुर। तहसील क्षेत्र के भैंसा गांव में नहर किनारे एक विशालकाय अजगर मिलने से इलाके में हलचल मच गई। अजगर को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। अचानक अजगर दिखाई देने से लोगों में कौतूहल के साथ भय का माहौल बन गया।
स्थानीय निवासी ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जानकारी सर्प मित्र और वन विभाग की टीम को दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई और अजगर को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया
।काफी प्रयास के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छोड़ आई। अजगर के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
अजगर मिलने की घटना के चलते कुछ समय तक क्षेत्र में उत्सुकता और दहशत का माहौल बना रहा। हालांकि, समय रहते रेस्क्यू किए जाने से किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

















