
संवाददाता अरविंद कुमार यादव
केराकत, जौनपुर। क्षेत्र के पसेवा गांव निवासी युवा क्रिकेट खिलाड़ी शशांक यादव ने अपनी प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन के दम पर उत्तर प्रदेश की अंडर-19 क्रिकेट टीम में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। आगामी वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए उनका चयन होने से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, शशांक यादव ने नोएडा में आयोजित प्रदेश स्तरीय क्रिकेट कैंप में अपने खेल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर चयनकर्ताओं ने उन्हें उत्तर प्रदेश की अंडर-19 टीम में शामिल किया है।
फिलहाल शशांक पुडुचेरी में टीम के साथ मौजूद हैं और आगामी प्रतियोगिता की तैयारियों में जुटे हुए हैं।शशांक की इस उपलब्धि से उनके गांव पसेवा सहित पूरे केराकत क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिले के लिए गौरव की बात बताया है।
लोगों को उम्मीद है कि शशांक आगामी प्रतियोगिता में भी अपने खेल से बेहतर प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाएंगे।शशांक की इस उपलब्धि पर उनके पिता राजेश यादव, चाचा रमेश यादव और राजबहादुर यादव सहित परिवार के सदस्यों को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। क्षेत्रवासियों ने युवा खिलाड़ी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

















