
संवाददाता नौशाद मसूरी

शाहगंज(जौनपुर) नगर के इराकियाना स्थित एक होटल में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कथित नाबालिग लड़की की शादी की सूचना पर बाल कल्याण विभाग, सखी वन स्टॉप सेंटर और कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने लड़की की उम्र नाबालिग होने की जानकारी मिलने पर शादी रुकवा दी। इसके बाद बारात बिना शादी किए ही लौट गई।
वहीं, लड़की को आवश्यक कार्रवाई के लिए शाहगंज कोतवाली ले जाया गया, जहां उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल रहा।जानकारी के अनुसार, नगर के आजमगढ़ रोड स्थित कांशीराम शहरी आवास कॉलोनी निवासी लड़की की शादी प्रतापगढ़ जनपद में तय हुई थी। सोमवार को बारात शाहगंज पहुंची थी

और इराकियाना स्थित एक होटल में ठहरी थी। बाराती और दूल्हा जलपान कर रहे थे, तभी संबंधित विभागों के अधिकारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए। लड़की के नाबालिग होने की सूचना के आधार पर अधिकारियों ने शादी रुकवा दी।
अचानक हुई इस कार्रवाई से शादी समारोह में हड़कंप मच गया।*पहले भी चर्चा में आ चुका है मामला*बताया जाता है कि कुछ माह पहले लड़की का नगर के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया था। आरोप है कि उस दौरान लड़की गर्भवती हो गई थी। इसके बाद लड़की के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया था। बताया जा रहा है कि युवक अभी जेल में बंद है।*शिकायत के बाद हुई कार्रवाई*चर्चा है कि उक्त मामले में युवक की मां ने अधिकारियों के समक्ष लड़की की कथित नाबालिग अवस्था में शादी कराए जाने की शिकायत की थी।
इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर शादी रुकवा दी। हालांकि, शिकायत और कार्रवाई से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।फिलहाल, बाल कल्याण विभाग, सखी वन स्टॉप सेंटर और पुलिस की टीम आवश्यक कागजी कार्रवाई में जुटी रही। मामले में लड़की की उम्र और अन्य परिस्थितियों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

















