

सिकरारा (जौनपुर) करवाचौथ के दिन प्रेमी से शादी करने की जिद एक महिला को इस कदर भारी पड़ी कि वह उसके गांव पहुंचकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर तमाशबीनों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची सिकरारा पुलिस ने करीब ढाई घंटे तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया।
अंततः थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह के समझाने पर महिला सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई और मेडिकल परीक्षण के लिए भेजते हुए मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय आशा चौहान आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के धन्नीपुर विसयां गांव की निवासी बताई जा रही है।

उसकी शादी भदोही जिले के सुरियावां क्षेत्र के महजदा गांव निवासी मुन्ना चौहान से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं, जिनमें बेटा शिवम करीब चार वर्ष और बेटी ज्योति दो वर्ष की है।
बताया जाता है कि आशा करीब छह माह पहले अपने पति को छोड़कर डमरुआ गांव निवासी सचिन गिरी के साथ सूरत में रहने लगी थी। दोनों के बीच पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जाता है कि नवरात्र के दौरान दोनों सूरत से अपने-अपने गांव आए थे। सचिन गिरी डमरुआ स्थित अपने घर चला गया, जबकि आशा अपने मायके आजमगढ़ चली गई थी। इसी बीच 25 अक्टूबर को आशा अपने प्रेमी से मिलने डमरुआ पहुंची, लेकिन सचिन घर पर नहीं मिला। आरोप है कि वह वहां से चला गया था। इसके बाद आशा ने सचिन से शादी करने की जिद पकड़ ली और गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची सिकरारा पुलिस ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी देर तक प्रयास किया। करीब ढाई घंटे बाद थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह के समझाने-बुझाने पर महिला टावर से नीचे उतरी। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई और मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में काफी देर तक चर्चा होती रही। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।

















