
खेतासराय(जौनपुर)। गांवों में सफाई व्यवस्था को लेकर अब लापरवाही नहीं चलेगी। सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी मिलने पर क्लीन टास्क फोर्स के जरिए तत्काल सफाई कराई जाएगी। स्वच्छ जौनपुर-स्वस्थ जौनपुर अभियान के तहत क्षेत्र पंचायत शाहगंज में गठित टीमों ने मानीकला गांव में सफाई अभियान चलाकर इसकी शुरुआत की।
इस पहल का उद्देश्य गांवों को स्वच्छ रखने के साथ सफाई व्यवस्था को नियमित और प्रभावी बनाना है।मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह के निर्देश पर ग्राम पंचायतों और राजस्व गांवों में तैनात सफाई कर्मचारियों को क्लीन टास्क फोर्स (सिटीएफ़) के रूप में गठन किया गया है।
इसके तहत गठित टीमें विकास खंड की ग्राम पंचायतों में पहुंचकर सफाई कार्य करेंगी। अभियान में नालियों, खड़ंजों, संपर्क मार्गों, पंचायत भवनों और प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी टीमों को सौंपी गई है।
एडीओ पंचायत संजय यादव ने बताया किसिटीएफ़ की संचालित इस व्यवस्था के तहत अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान यदि किसी गांव में गंदगी मिलती है तो संबंधित टीम को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए जाएंगे। इससे सफाई व्यवस्था की निगरानी आसान होगी और गंदगी की समस्या का समय रहते समाधान किया जा सकेगा।मानीकला में अभियान के दौरान कमलाकांत मौर्य, रविंद्र कुमार, विजय गौंड सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

















