

जौनपुर। समाजवादी पार्टी जौनपुर की ओर से महान समाजवादी चिंतक एवं प्रखर नेता लोकबंधु राजनारायण की जयंती जिला कार्यालय सदर चुंगी, अल्फस्टीनगंज में समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष श्याम बहादुर पाल ने की। इस दौरान पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोकबंधु राजनारायण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्ष, विचारधारा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर विचार गोष्ठी आयोजित की।विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए श्याम बहादुर पाल ने कहा कि लोकबंधु राजनारायण भारतीय राजनीति के ऐसे महान समाजवादी योद्धा थे!
जिन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया। वे सत्ता के सामने कभी नहीं झुके और अन्याय, अत्याचार तथा तानाशाही के खिलाफ हमेशा आवाज बुलंद करते रहे।उन्होंने कहा कि राजनारायण का राजनीतिक जीवन संघर्ष, साहस और सिद्धांतों की राजनीति का अनुपम उदाहरण है। डॉ. राममनोहर लोहिया के समाजवादी विचारों को आत्मसात कर उन्होंने सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई को नई दिशा दी।
आम जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के लिए संघर्ष करने वाले राजनारायण की सादगी, निर्भीकता और जनपक्षधरता ने उन्हें लोकबंधु की पहचान दिलाई।श्याम बहादुर पाल ने राजनारायण के लोकतंत्र की रक्षा के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1971 में रायबरेली लोकसभा चुनाव में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के विरुद्ध चुनाव लड़कर उन्होंने सत्ता को चुनौती दी और चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ न्यायालय में ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले ने देश की राजनीति में महत्वपूर्ण मोड़ पैदा किया। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए जेल गए, लेकिन अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।उन्होंने कहा कि राजनारायण का जीवन यह संदेश देता है कि राजनीति का उद्देश्य सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को न्याय, सम्मान और अधिकार दिलाना होना चाहिए।
आज लोकतांत्रिक संस्थाओं, संविधान और सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा के लिए उनके विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हैं।श्याम बहादुर पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सभी समाजवादियों को लोकबंधु राजनारायण के संघर्ष और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है तथा वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना है। यही लोकबंधु राजनारायण के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।कार्यक्रम में जिला महासचिव आरिफ हबीब ने लोकबंधु राजनारायण के जीवन दर्शन, राजनीतिक संघर्ष, समाजवादी विचारधारा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला और कार्यक्रम का संचालन भी किया।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष हीरालाल विश्वकर्मा, अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनवारूल हक गुड्डू, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव लाल मोहम्मद राईनी, जिला सचिव दीपक विश्वकर्मा, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव एवं सभासद अल्मास सिद्दीकी, राष्ट्रीय सचिव एवं सभासद जगदीश प्रसाद मौर्य गप्पू, जिला सचिव अजय मौर्य, नगर अध्यक्ष कमालुद्दीन अंसारी, उपाध्यक्ष राजा नवाब, महिला सभा की नगर अध्यक्ष सोनी सेठ, शबीना बेगम, फहीम अली, नज्मे आलम सहित सैकड़ों पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















