
केराकत (जौनपुर)। नगर के शेखजादा मोहल्ले में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, जहरीला पदार्थ पिलाने और मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मामले में पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।वाराणसी के मुकीमगंज निवासी रीना गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री अंजली गुप्ता उर्फ रूपाली (25) की शादी दिसंबर 2022 में केराकत निवासी नितिन गुप्ता के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी के समय मायके पक्ष की ओर से 6 लाख 50 हजार रुपये दहेज दिया गया था। इसके बावजूद शादी के बाद से ही अंजली को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।मृतका की मां के अनुसार मंगलवार को उनके दामाद नितिन गुप्ता ने फोन कर अंजली की तबीयत खराब होने और बीएचयू में उपचार चलने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने अंजली को मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि अंजली को जहरीला पदार्थ पिलाने के बाद मारपीट कर उसकी हत्या की गई है।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतका के परिजन कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस ने मृतका के ससुर आत्माराम को हिरासत में ले लिया। इसकी जानकारी होने पर मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और थाने में विरोध जताते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि रीना गुप्ता की तहरीर के आधार पर पति नितिन गुप्ता, सास माया देवी, ससुर आत्माराम, ननद किरन व पूजा तथा नंदोई रमेश गुप्ता के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

















