
जौनपुर, 06 नवम्बर 2026। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में स्वास्थ्य विभाग ने आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहार के दौरान पटाखों से जलने अथवा किसी अन्य आकस्मिक घटना में लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए सभी चिकित्सा इकाइयों पर विशेष व्यवस्था की गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जनपद की समस्त चिकित्सा इकाइयों में आकस्मिक चिकित्सकीय टीमों का गठन किया गया है।
इसके साथ ही प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं ट्रामा सेंटर हौज में बर्न वार्ड बनाया गया है, ताकि आग से झुलसने वाले मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि दीपावली पर्व के दौरान चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े किसी भी चिकित्साधिकारी अथवा कर्मचारी का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने चेतावनी दी कि चिकित्सा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

















